नाका हिंडोला गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व पर सजा विशेष दीवान, शबद कीर्तन सुन संगत हुई निहाल
लखनऊ। साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 554वां प्रकाशोत्सव (जन्मोत्सव) राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जायेगा। प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी के सभी गुरुद्वारे रंगबिरंगी लाइटों से जगमगा रहे हैं।

ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरू नानक देव जी नाका हिंडोला एवं डीएवी इण्टर कालेज ऐशबाग रोड, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शाम का दीवान गुरुद्वारा नाका हिंडोला में फूलों और बिजली की झालरों से सुसज्जित दरबार हाल में रहिरास साहिब के पाठ के उपरांत रागी जत्था भाई राजिन्दर सिंह जी ने अपनी मधुर वाणी में समूह संगत को नाम सिमरन एवं शब्द कीर्तन गायन द्वारा संगत को निहाल किया विशेष रूप से पधारे रागी जत्था भाई जसबीर सिंह जी खालसा यूके वालों ने अपनी मधुरवाणी में कलि तारण गुरु नानक आइया। शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। प्रचारक सुखदेव सिंह जी अमृतसर वालों ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सरदार सतपाल सिंह मीत ने किया। लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बग्गा ने बताया कि साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व 27 नवंबर को डीएवी इंटर कॉलेज में प्रात 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मनाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से गुरु का लंगर भी समूह संगत में वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर गुरु श्री हरिराय जी डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा मेडिकल कैंप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया है ।
यहियागंज गुरुद्वारा में फूलों की होगी वर्षा

लखनऊ। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यहियागंज में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 26 नवंबर की शाम को 7 बजे से 11 बजे तक एवं 27 नवंबर को प्रात: 5 बजे से देर रात तक बड़ी श्रद्धा एवं सत्कार के साथ मनाया जाएगा।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यहियागंज के सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि डॉ गुरमीत सिंह के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से श्री दरबार साहब अमृतसर से सिंह साहब ज्ञानी राजदीप सिंह जी एवं भाई जबडतोड सिंह जी एवं भाई इंदरपाल सिंह जी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। सिंह साहब ज्ञानी राजदीप सिंह जी के लखनऊ आगमन पर डॉ अमरजोत सिंह की अगवाई में भव्य स्वागत किया जाएगा। 27 नवंबर की रात्रि 1 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहब जी के ऊपर गुलाब के फूलों से फूलों की वर्षा की जाएगी। कथा कीर्तन का सीधा प्रसारण फेसबुक एवं यूट्यूब चैनल द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की समाप्ति पर विशेष मिष्ठान प्रसाद एवं गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।
फूलों व गुब्बारों से सजाया गया मानसरोवर गुरुद्वारा:

गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा मानसरोवर, एलडीए कालोनी, कानपुर रोड, लखनऊ में सिक्खों के प्रथम गुरू साहेब धन-धन श्री गुरू नानक देव जी महाराज का पावन पवित्र प्रकाश उत्सव बड़ी श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गुरूद्वारे में 554 दिए जलाकर एवं गुरूद्वारा साहिब में बड़ी ही खूबसूरती से अन्दर हाल लाईटों, फूलों एवं गुब्बारों से सजाया गया। विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। गुरूनानक साहेब जी के प्रकाश पर्व को संगतों ने प्रात: काल सुबह 05:30 बजे प्रभात फेरी बड़ी धूमधाम से निकाली गई। सांयकाल 06:30बजे से विशेष कीर्तन दरबार का शुभारम्भ हेड ग्रन्थी ने श्री रहरास साहेब जी के पाठ से किया।