back to top

जेपीएनआईसी में हुए नुकसान की जिम्मेदार सरकार : अखिलेश यादव

वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ। जयप्रकाश नारायण की जयंती पर बुधवार को गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपी एनआईसी) में स्थापित जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करने से रोके जाने को न मानते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव गेट लांघकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।

इस अवसर पर मौजूद हजारों युवाओं, अधिवक्ताओं तथा अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं ने जयप्रकाश नारायण अमर रहे और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगायें जिससे पूरा वातावरण गूंज गया। सपा के फ्रंटल संगठनों के राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्षों के साथ नगर निगम के पार्षद, प्रदेशीय पदाधिकारी, पूर्व व वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, जिला एवं महानगर अध्यक्ष भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जेपी की जयंती पर उनके नाम पर समाजवादी सरकार में बने स्मारक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम था। सपा का कहना है कि इसके लिए प्रशासन को सूचित किया गया था लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर माल्यार्पण की अनुमति रद्द करने के साथ जेपी एनआईसी में ताला बंद कर दिया गया और उसको टीन शेड से ढक दिया गया। जेपी एनआईसी सेंटर के पास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए सुबह से ही हजारों की संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता जेपीएनआईसी के गेट पर पहुंच गये। माल्यार्पण के लिए अखिलेश यादव समाजवादी लोक जागरण अभियान रथ से जेपीएनआईसी गेट पहुंचे। उनके पहुंचते ही जोश से लबरेज सपाई नारेबाजी करने लगे। अखिलेश यादव भी रथ से उतरकर गेट की तरफ बढ़े और गेट लांघकर अंदर जाकर लोक नायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल केंद्र का उद्घाटन किया था। समाजवादी लोग सम्पूर्ण क्रांति के नायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाते हैं। पहले की तरह इस बार भी हम लोग आये थे, लेकिन पता नहीं क्यों सरकार ने टीन शेड के साथ ताला लगाकर गेट बंद कर दिया। हम लोग चाहते है कि देश जयप्रकाश के संघर्ष को जाने।

श्री यादव ने कहा कि देश में परिवर्तन की जरूरत है। जनता को भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा। जयप्रकाश नारायण ने सम्पूर्ण क्रांति का नारा दिया था। जब उस समय देश में चरम सीमा पर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी थी। जयप्रकाश नारायण के आह्वान पर जनता एकजुट हो गयी और आपातकाल लगा। उनके साथ बहुत बड़ी संख्या में नेता और जनता जेल गए। कई लोग कई वर्षों जेल में रहे। उनका संदेश था कि संपूर्णक्रांति के बगैर कुछ नहीं हो सकता है। भाजपा के लोग ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी को भी याद करने देने में रोड़ा बने हुए है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने करोड़ों रुपयों से बना विश्वस्तरीय स्मारक बर्बाद कर दिया। करोड़ों की मशीने खराब हो रही है। सरकार टीन लगाकार क्या छिपाना चाहती है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति सबसे बड़ी है। जनता की ताकत के आगे सरकार की शक्ति नहीं बचेगी। इस बात का दु:ख है कि सरकार ने पुलिस लगाकर लोकतंत्र के महानायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से रोका।

भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर रही है। इस म्यूजियम में जयप्रकाश नारायण के जीवन, संघर्ष की गाथा है। लोग उनके जीवन से प्रेरणा लेंगे। जेपीएनआईसी में हुए नुकसान की जिम्मेदार सरकार है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जेपीएनआईसी में हुए नुकसान और बबार्दी को छिपाना चाहते हैं। हमने अंदर जाकर देखा करोड़ों रुपये का सामान बर्बाद हो गया। यह जो लड़ाई आज शुरू हुई है, यह लम्बी चलेगी।

RELATED ARTICLES

डिवाइडर से टकराई स्लीपर बस, 38 लोग घायल

कन्नौज। उत्तर प्रदेश में कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार देर रात एक बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई...

सुल्तानपुर लूटकांड मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

लखनऊ। सुल्तानपुर में 28 अगस्त को जौहरी की दुकान में दिनदहाड़े डकैती करने के एक आरोपी को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने स्थानीय पुलिस...

कांग्रेस में नफरत का भूत घुस गया है…महाराष्ट्र में बोले पीएम मोदी

कांग्रेस सबसे भ्रष्ट पार्टी, टुकड़े-टुकड़े गिरोह और शहरी नक्सलियों द्वारा संचालित: मोदी वर्धा (महाराष्ट्र) . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शुक्रवार...

Latest Articles