back to top

किसानों के हित में काम कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री

  • योगी ने किया किसानों का एक लाख करोड़ गन्ना मूल्य का ऑनलाइन ट्रांसफर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि शासन की कार्य पद्धति खुद की नहीं, बल्कि जनता की संतुष्टि का कारण बननी चाहिए। मौजूदा सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। हर किसान को उसकी मेहनत का प्रतिफल प्राप्त होना चाहिए। राज्य सरकार गन्ना किसानों का पाई-पाई का भुगतान करने के लिए संकल्पित है। जब तक गन्ना किसानों के खेतों में एक भी गन्ना रहेगा, तब तक चीनी मिलों का संचालन भी होता रहेगा। इस संकल्प को सरकार ने मूर्तरूप दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर मौजूदा सरकार के कार्यकाल में गन्ना किसानों को एक लाख करोड़ रुपये के रिकाॅर्ड गन्ना मूल्य के ऑनलाइन भुगतान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गन्ना किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से पारदर्शिता के साथ एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि ट्रांसफर की गयी है।

योगी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने किसानों का तेजी से गन्ना मूल्य का भुगतान किया, जो एक रिकाॅर्ड है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देकर उनकी फसल की लागत के डेढ़ गुना से अधिक दाम देने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है, उसे प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना प्रारम्भ हुआ था तो पूरी दुनिया लाॅकडाउन की स्थिति में था। लेकिन मौजूदा सरकार ने तय किया कि चीनी मिलों को बन्द नहीं किया जाएगा, बल्कि संक्रमण से बचते हुए चीनी मिलों को चलाया गया। कोरोना संकट के दौरान भी प्रदेश की सभी 119 चीनी मिलों का संचालन किया गया। कोविड-19 के कारण सैनिटाइजर की अधिक मांग बढ़ जाने पर चीनी मिलों तथा डिस्टलरीज ने देश के सभी राज्यों के साथ-साथ अन्य देशों में भी सैनिटाइजर की आपूर्ति की।

योगी ने कहा कि प्रदेश के किसानों ने अपने परिश्रम से गन्ना व चीनी उत्पादन में राज्य को देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाया है। पहले की सरकारों में चीनी मिलों को जहां बन्द करने का काम किया, वहीं मौजूदा सरकार ने बन्द चीनी मिलों को फिर से चलवाने का काम किया है। पिपराइच और मुण्डेरवा में 5000 टीसीडी क्षमता की नई चीनी मिल स्थापित की गयी है, जहां 50 हजार कुन्तल गन्ने की पेराई प्रतिदिन हो सकती है। आधुनिक तकनीक से बनी चीनी मिलों ने किसानों के जीवन में एक नया विश्वास भरा है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार ने राज्य में खांडसारी उद्योग कोे पुनर्जीवित करने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि जब किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए ज़रूरी है कि उन्हें सहखेती से जोड़ा जाए। पिछले तीन सालों में प्रदेश के चीनी उद्योग के इतिहास का यह एक सुनहरा मौका है, जब इतनी बड़ी धनराशि गन्ना किसानों को दी गयी है।

इस मौके पर योगी ने मुजफ्फरनगर, मेरठ, सम्भल, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, आंबेडकर नगर, गोण्डा, गोरखपुर और कुशीनगर के गन्ना किसानों से संवाद किया। संवाद के दौरान गन्ना किसानों ने कहा कि ई-गन्ना एप से किसानों को काफी मदद मिली है। इसके माध्यम से उन्हें गन्ना और चीनी मिलों के सम्बन्ध में उपयोगी जानकारी प्राप्त होती है।

इस मौके पर गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के गन्ना विभाग ने उल्लेखनीय कार्य किया है। सरकार के प्रयासों से प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गयी है। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य का रिकाॅर्ड भुगतान किया गया है।

इस मौके पर गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश पासी, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव आबकारी एवं चीनी उद्योग संजय भूसरेड्डी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद और सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

गुप्त नवरात्रि आज से, मां दुर्गा की होगी विशेष पूजा

लखनऊ। हिंदू पंचांग के अनुसार साल में चार बार नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। आमतौर पर लोग चैत्र और शारदीय नवरात्रि के बारे...

श्रीलंका की यात्रा करने वाले विदेशी पर्यटकों में सबसे आगे रहे भारतीय

कोलंबो।साल 2025 में कुल 23 लाख पर्यटकों ने श्रीलंका की यात्रा की, जिनमें सबसे अधिक संख्या भारतीयों की रही। पर्यटन प्राधिकरण के आंकड़ों में...

माघ मेले में मौनी अमावस्या पर 3.15 करोड़ लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई

प्रयागराज। प्रयागराज में जारी माघ मेले में रविवार को मौनी अमावस्या पर दोपहर 12 बजे तक 3.15 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में...

खरमास खत्म लेकिन मांगलिक कार्यों के लिए करना होगा इंतजार

लखनऊ। हिंदू पंचांग के अनुसार खरमास समाप्त हो गया है, लेकिन इसके बावजूद अभी शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए थोड़ा इंतजार करना...

उत्तराखण्डी मशहूर लोकगायक गोविन्द दिगारी ने मचाई धूम

उत्तरायणी कौथिग-2026 रजत जयंती वर्ष के मेले का पंचम दिवस लखनऊ। पर्वतीय महापरिषद लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तरायणी कौथिग के पंचम दिवस का मुख्य आकर्षण उत्तराखण्ड...

पद्मश्री अनूप जलोटा की सुमधुर प्रस्तुति से सजेगा भातखण्डे का मंच

बेगम अख्तर की स्मृति में होगा आयोजनलखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ में भारतीय संगीत की महान परंपरा को सजीव बनाए रखने तथा देश की...

बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा का भावपूर्ण प्रसंग

चौक स्थित मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर में आयोजितलखनऊ। चौक स्थित मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ...

गीता रसामृतम में भक्तों ने जाना सुखी जीवन, शुभ एवं अशुभ कर्मों का रहस्य

दो दिवसीय श्रीमद भगवत गीता ज्ञान महोत्सव गीता रसामृतम का आयोजनलखनऊ। श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन)सुशांत गोल्फ सिटी लखनऊ द्वारा दो दिवसीय...

हरे कृष्णा, हरे रामा और गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो से गूंजा अर्बन शेल्व्स

अर्बन स्लेव्स अपने सुसज्जित इंटीरियर्स और सुरुचिपूर्ण वातावरण के लिए देशभर में प्रसिद्ध लखनऊ। नवनिर्मित अर्बन स्लेव्स में इस्कॉन टेंपल की टीम ने सकारात्मक ऊर्जा...