लखनऊ। भगवान झूलेलाल जयंती धूमधाम से मनाने के लिए सिंधी समाज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार 20 मार्च को भगवान झूलेलाल की जयंती पर शोभायात्रा, महिलाओं की स्कूटर रैली, डांडिया समेत कई कार्यक्रम हरिओम मंदिर व शहर के कई अन्य स्थानों पर होंगे। सोमवार से सिंधी समाज के लोग अलग-अलग स्थानों पर झूलेलाल जयंती से जुड़े कार्यक्रम शुरू करेंगे। भगवान झूलेलाल जयंती धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियों के लिए चेट्टी चंद मेला कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक इंदिरा नगर में हुई। बैठक में चेट्टी चंद मेला कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी, अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी, कोषाध्यक्ष सतेंद्र भवनानी, श्याम कृष्नानी आदि रहे। अशोक मोतियानी समेत सभी ने संयुक्त रूप से बताया कि रविवार से भगवान झूलेलाल महोत्सव के आयोजन शहर भर में शुरू हो जाएंगे।
महिलाएं स्कूटर रैली निकालेंगी
महिलाओं की ओर से 20 मार्च को स्कूटर रैली और विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। युवा पीढ़ी डांडिया, भांगड़ा नृत्य करते हुए साथ में चलेंगे। संतकंवर राम की वेशभूषा में सिंधु नगर सिंधी पंचायत के मुखी अशोक चांदवानी यात्रा में रथ पर विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा पर गणेशगंज, फतेहगंज, हजरतगंज समेत अन्य प्रमुख बाजारों और सिंधी बाहुल्य इलाकों में फूलों की वर्षा की जाएगी। 100 जगह पर स्वागत द्वार, 200 से ज्यादा स्थानों पर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आज से 20 मार्च तक होंगे आयोजन
आलमबाग के वीआईपी रोड स्थित शिव शांति आश्रम में सोमवार सुबह 10 से 12 बजे तक सखी बाबा भजन मंडली की ओर से कीर्तन भजन, भंडारे का आयोजन होगा। फिर 11 मार्च को लाजपत नगर में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 12 मार्च को गोदड़ी वाला धाम, एसएसडी धाम में आयोजन होंगे। 13 को अलीगंज, 14 को शुभम सिटी में सोनू भगत और 15 मार्च को रायबरेली रोड पर सिंधी पंचायत की ओर से सुनील सत्संगी पवन एंड पार्टी भगवान झूलेलाल के भजन गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। 16 को मवैया ब्लंट स्क्वायर सिंधु भवन, 17 को राजाजीपुरम झूलेलाल मंदिर में आरती, भंडारा होगा। 18 को सिंधु नगर सिंधी पंचायत की ओर से मध्य प्रदेश के कटनी के बालक मंडली की ओर से गीत संगीत भव्य आरती, भंडारा होगा। वहीं, 19 मार्च को इंदिरा नगर कंवेंशन सेंटर में विशाल खट्टर सांस्कृतिक उत्सव में प्रस्तुति देंगे। 20 मार्च को हरिओम मंदिर में भगवान झूलेलाल की सामूहिक पूजा, भंडारा होगा।





