लखनऊ। केजीएमयू के क्वीनमैरी अस्पताल में मरीजों के साथ बदतमीजी की घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के निर्देश के बावजूद डॉक्टर के बर्ताव में सुधार नहीं हो रहा है। बुधवार को तो हद ही हो गई एक डॉक्टर ने गर्भवती महिला को धक्का दे दिया जिससे वह गिर गई और गैलरी में ही उसका प्रसव हो गया।
बताया जा रहा है कि महिला 9 महीने की गर्भवती थी और ओपीडी में दिखाने आई थी। परिजनों ने समय पूरा होने पर डॉक्टर से भर्ती करने की विनती की लेकिन उन्होंने एक न सुनी। बार-बार कहने पर डॉक्टर को गुस्सा आ गया और उन्होंने गर्भवती को धक्का दे दिया जिससे वह गैलरी में गिर गई और वहीं पर उसका प्रसव हो गया।
खून से लथपथ गर्भवती को किसी तरह उसके साथ आई महिलाओं और अन्य तीमारदारों ने संभाला। इसी बीच किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया इसके बाद हरकत में क्वीन मैरी प्रशासन ने किसी तरह महिला को इमरजेंसी में भर्ती करने का प्रयास किया।
वीडियो उजागर होने के बाद गुस्साए अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल अभी तक जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी नहीं दी है। बताया जा रहा है अपनी गलती छुपाने के लिए डॉक्टर और गार्ड्स ने वहां खड़े हुए मरीज के सभी परिजनों को बाहर भगा दिया।
यह भी पढ़े— गर्लफ्रेंड से मिलने आये युवक की हत्या, सड़क किनारे मिला अर्धनग्न शव





