श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन संग की मां सिद्धिदात्री की आराधना

लखनऊ। चैत्र नवरात्र के नौवें दिन रविवार को रामनवमी पर माता के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा हुई। नवरात्र का समापन हवन पूजन के साथ हुआ। वहीं रामनवमी पर सभी ने पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। मन्दिरों और घरों में कन्या भोज हुआ। भक्तों ने फल और मिष्ठान का भोग लगाकर माता का पाठ किया। मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने माता रानी के दर्शन किए। माता के जयकारों से परिसर गूंज उठे।चौक स्थित काली जी मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ माता का पूजन कर आरती उतारी गई। माता को भोग लगाया गया। वहीं ठाकुरगंज स्थित मां पूर्वी देवी मंदिर में माता का सिद्धिदात्री स्वरूप में शृंगार हुआ। माता को सुनहरे रंग के वस्त्र पहनाए गए। भवन को गेंदे की लड़ियों से सजाया गया। रामनवमी के अवसर पर लोक कल्याण की कामना के लिए राम नाम के महामंत्र का जाप हुआ। रामचरित मानस की सतपंच चौपाई का पाठ हुआ। भक्तों ने चौपटिया स्थित संदोहन देवी मंदिर में सिंहासन पर विराजमान माता के दर्शन दिए। दुर्गा सप्तशती का पाठ हुआ। हरे राम हरे राम, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, के पाठ पर हवन हुआ। माता को हलवा पूड़ी और चने का भोग लगाया गया। वहीं डालीगंज के मौसमगंज रामलीला एवं मानस मंदिर परिसर में रामनवमी पर पूजन और भंडारा हुआ। टिकैतराय तालाब स्थित राम जानकी मंदिर में भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया गया। भगवान राम जानकी का विशेष पूजन हुआ। माता शीतला देवी, दुर्गा देवी मंदिर में माता का शृंगार हुआ। साथ ही दुर्गा मंदिर, संतोषी माता, मसानी देवी आदि मंदिरों में भी पूरे विधि विधान के साथ माता का पूजन हुआ।

घर-घर हुआ कन्या भोज:
राम नवमी पर घरों में कन्या भोज हुआ। नवरात्र के नौवें दिन लोगों ने घर आई कन्याओं के पैर पूजे। हलवा पूड़ी और दही जलेबी का भोग लगाया। कन्याओं को भेंट स्वरूप उपहार और दक्षिणा दी। इसके अलावां कई भक्तों ने मंदिरों में जाकर भी कन्या पूजन किया और दान दक्षिण दी।

मंदिरों में हुआ मुण्डन संस्कार:
नवरात्र में मुण्डन संस्कार का विशेष महत्व है। चौक स्थित काली जी मंदिर व सीतापुर रोड स्थित चन्द्रिका देवी आदि मंदिरों में मुण्डन संस्कार हुए। मुण्डन संस्कार के बाद लोगों ने भोज कराया।

मंदिरों में हुआ भव्य शृंगार:
नवरात्र को लेकर मंदिरों में भी धूम रही। हर कोई मां की भक्ति में लीन नजर आ रहा था। शास्त्रीनगर स्थित दुर्गा मंदिर में मां को फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। इसके अलावा राजेंद्र नगर के महाकाल मंदिर में मां के सिद्धिदात्री स्वरूप में महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। ठाकुरगंज स्थित मां पूर्वी देवी मंदिर मां का सिद्धिदात्री स्वरूप में भव्य श्रंगार के साथ भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने हिस्सा लिया। वहीं, चौक स्थित छोटी व बड़ी कालीजी मंदिर, चौपटिया स्थित संदोहन देवी मंदिर, संकटा देवी मंदिर समेत अन्य जगहों पर मां की महाआरती के साथ हवन व भजन का आयोजन किया गया।

इक्यावन शक्तिपीठ में हुआ कन्या भोज:
नन्दना बीकेटी स्थित इक्यावन शक्तिपीठ में चल रहे नवरात्र उत्सव के नवें दिन गुरुवार को नवमी मनाई गई। भक्तों ने सिद्धिदात्री की आराधना पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ की। मन्दिर में चल रहे नवरात्र उत्सव के समापन व नवमी के मौके पर हवन उसके बाद वृहद कन्या भोज का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में कन्याओं ने भोजन कराया गया। मन्दिर की अध्यक्ष तृप्ति तिवारी ने बताया कि कन्याओं को भोजन कराने के लिए लोगों की होड़ लगी रही। बहुत से भक्तों ने कन्याओं को उनके मन पसंद खिलौने और रुपये देकर आशीर्वाद लिया तो कुछ भक्तों ने टाफी, बिस्कुट, चाकलेट, कोल्ड्रींग का वितरण किया। सुबह सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ।

लेटे हुए हनुमान मंदिर पर हुआ 251 कन्याओं का पूजन


लखनऊ। चैत्र नवरात्रि की नवमी पर प्राचीन लेटे हुए हनुमान जी मंदिर, पंचवटी घाट चौक में 251 कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। ट्रस्ट के सचिव डॉ पंकज सिंह भदौरिया ने बताया की इस उपलक्ष्य पर सभी कन्याओं का पैर पूजन करने के पश्चात उनका उपस्थित श्रद्धालु महिलाओं ने विधिवत श्रंगार किया एवं सभी कन्याओं को भोग प्रसादी के पश्चात दिव्य आरती कर उपहार दिए गये।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ विवेक तांगड़ी ने बताया की इस कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्तजनों से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प कराया गया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया की प्राचीन लेटे हुए हनुमान जी मंदिर के माध्यम से समाज में नित्य नयी सामाजिक जागृति के लिए प्रयास किये जाते हैं। कन्याओं के भोज के उपरांत रात तक भंडारे का आयोजन हुआ।

मां भगवती का जागरण भक्ति भाव से संपन्न :
विकल्प खंड 2 स्थित श्री भोलेश्वर महादेव मंदिर में माँ भगवती जागरण बहुत भक्ति भाव तथा आस्था से संपन्न हुआ । राजेन्द्र सिंह कनवाल एवं सुनीता कनवाल के सौजन्य से कराए गए इस जागरण में मोहन रसिया जागरण पार्टी द्वारा माता रानी के एक से बढ़कर एक भजन गाकर भक्त जनों को भाव विभोर होकर भक्ति भाव से नाचने पर मजबूर कर दिया । राधा कृष्ण की फूलों की होली तथा श्री राम-हनुमान झांकी ने भक्त जनों का मन मोह लिया । स्थानीय वरिष्ठ कार्यकतार्ओं में एस बी के त्रिपाठी, मनोज कुमार सिंह, राजेंद्र नेगी, गजेंद्र चौहान, गोविंद मद्धेशिया, एस एन गुप्ता, शेषनाथ शर्मा, सचिन जायसवाल, देशराज सिंह, एके ओझा, कैलाश जोशी, विकास मिश्रा, ओपी श्रीवास्तव, गोपाल जोशी आदि ने प्रचार प्रसार से लेकर, लाइटिंग एवं अन्य इंतजाम करने में भरपूर सहयोग किया तथा मातृ शक्ति का सहयोग अविस्मरणीय रहा, जिससे जगराता सफलतापूर्वक संपन्न हुआ । जागरण में क्षेत्रीय पार्षद शैलेंद्र वर्मा के साथ साथ सैकड़ों गणमान्य लोगों तथा मातृ शक्ति ने हिस्सा लिया। सुनीता कनवाल, राजेन्द्र सिंह कनवाल ने स्थानीय जनता तथा पुलिस प्रशासन का आभार जताया ।

राम चरित मानस पाठ एवं भण्डारे का हुआ आयोजन:


अखंड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के तत्वावधान में राम नवमी पर्व के मौके पर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के सामने श्री सदगुरु कबीर जागू आश्रम, दसौली, बसहा कुर्सी रोड पर अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया है। आज पाठ के समापन के बाद श्री राम प्रगट उत्सव मनाया गया और इसके उपरांत भण्डारे का आयोजन किया गया।जिसमें सद्गुरु कबीर साहेब वेद वेदांग गुरुकुलम के विद्यार्थियों ने अखंड रामचरितमानस का पाठ किया तथा प्रबंधक आचार्य शिवपूजन दीक्षित ने हवन पूजन कर विश्व शांति एवं सनातन धर्म के उत्थान की कामना की। इस मौके पर अखंड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी की देखरेख में हुये भंडारे में सैकड़ों की संख्या में भक्तगणों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शिव शक्तिधाम मंदिर में मना श्रीराम का जन्मोत्सव:


चैत्र मास की राम नवमी के पावन अवसर पर सुलभ आवास स्थित शिव शक्तिधाम मंदिर में मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर प्रांगण में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां पूरा वातावरण भजन-कीर्तन, शंख और घंटियों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। दोपहर 12 बजे जैसे ही भए प्रकट कृपाला दीन दयाला का शुभ क्षण आया, मंदिर में श्रीराम जन्म की आनंद ध्वनि गुंजायमान हो उठी। इस पावन अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक धर्मेन्द्र पटवा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम की आरती की। आरती के उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया और लोक कल्याण की कामना की गई। प्रभु के प्रकाट्योत्सव के उपरांत मातृशक्तियों द्वारा पारंपरिक सोहर जुग-जुग जियें ललनवा का गायन किया गया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे। दोपहर से आरंभ हुए भजन-कीर्तन का क्रम देर शाम तक चलता रहा, जिसमें भक्तगण प्रभु की भक्ति में लीन नजर आए।

RELATED ARTICLES

शुभ योग में हिंदू नववर्ष का पहला प्रदोष व्रत आज

महाकाल की आराधना करने से साधक के सभी दुख-दर्द दूर होते हैंलखनऊ। प्रदोष व्रत हिंदू धर्म का प्रमुख व्रत है, जिसे हर त्रयोदशी तिथि...

चैत्र नवरात्र : भक्तों ने की महागौरी की पूजा-अर्चना, मांगी सुख-समृद्धि

लखनऊ। शनिवार अष्टमी पर माता रानी के दर्शन के लिए मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। माता के महागौरी स्वरूप की पूजा अर्चना...

Chaitra Navratri : चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि कल, जानें हवन और कन्या पूजन का शुभ मुहूर्त

धर्म डेस्क। Chaitra Navratri Havan Muhurat : चैत्र नवरात्रि की महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा होती है। इस बार चैत्र माह की नवरात्रि...

Latest Articles