वृंदाश्री अकादमी आॅफ डांस एंड म्यूजिक संस्था की ओर से हुनर-ए-अवध का आयोजन
लखनऊ। वृंदाश्री अकादमी आॅफ डांस एंड म्यूजिक संस्था की ओर से हुनर-ए-अवध का आयोजन किया गया। बौद्ध शोध संस्थान में समारोह में प्रतिभागियों ने पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों के साथ वेस्टर्न संगीत को मंच पर पेश किया। कार्यक्रम का आगाज तानपुरा की ध्वनि से हुआ। इसके बाद शिव वंदना और ठुमक ठुमक चलत रामचंद्र पर सामूहिक नृत्य में कलाकार सुदीक्षा, अनायरा, शिवी, समृद्धि, अनैशा, ख्याति आदि ने अपनी प्रस्तुति से तालियां बटोरीं। इसके बाद युगल गायन में स्वाति और अभिषेक ने ‘जाने कहां मेरा जिगर गया जी गीत गाया तो आद्या और दिव्या श्रीवास्तव ने कथक युगल की प्रस्तुति से शास्त्रीय रंग बिखेरा। इसके अलावा शुभांग मिश्रा ने फूलों के रंग से, दिव्या श्रीवास्तव ने फरीदा खानम की गजल मोहब्बत करने वाले की प्रस्तुति दी। इसके बाद जूनियर और सीनियर ब्वॉयज के ग्रुप डांस में कैसे खेलन जइब सावन में कजरिया पारंपरिक गीत पर नृत्य की छटा बिखेरी। वहीं हिप-हॉप और पश्चिम संगीत से सजे गीतों पर कलाकारों ने बेहतरीन नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। आर्यन और शौर्य पाठक ने शिव कैलाशों के वासी और जूनियर ग्रुप ने मैं दीवाना पर नृत्य किया। संचालन स्मिता मिश्रा ने किया।