वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोना वायरस से अब तक 40 लाख 16 हजार 21 लोग संक्रमित हैं। दो लाख 76 हजार 269 की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लाख 87 हजार 527 ठीक हो चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना बिना वैक्सीन के ही खत्म हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने माना कि इससे अमेरिका में 95 हजार से ज्यादा मौतें हो सकती है।
वहीं, कैलिफोर्निया की लॉम्पॉक जेल के 800 से ज्यादा कैदी और 25 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। जेल में कैदियों की दो यूनिट हैं। एक में 792 और दूसरे में 68 कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस बीच, शुक्रवार को व्हाइट हाउस के दो अधिकारी संक्रमित मिले। उपराष्ट्रपति माइक पेंस की प्रेस सेक्रेटरी केटी मिलर और इवांका ट्रम्प के पीए की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के आयुक्त स्टीफन हैन दो हफ्ते सेल्फ आइसोलेट रहेंगे। वे मिलर के संपर्क में आए थे। अमेरिका वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 13 लाख 21 हजार 785 लोग संक्रमित हैं। 78,615 मौतें हुई है। 2 लाख 23 हजार 603 लोग ठीक हुए हैं। वहीं, इटली में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 30 हजार के पार पहुंच गया है।
शुक्रवार को 243 लोगों की मौत हुई। कुल 30 हजार 201 लोगों की मौत हो चुकी है। जान गई है। इटली में कोरोना का पहला मामला 21 फरवरी को दर्ज किया गया था। उधर, आस्ट्रेलिया देश से पाबंदियां हटाने की योजना बना रहा है। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को कहा कि अब देश को खोलने का समय आ गया है। हम तीन चरणों में पाबंदियां हटाएंगे।
पहले चरण में स्कूल, कॉलेज और छोटी दुकान खुलेंगी। दूसरे चरण में 20 लोगों के एक साथ जुटने की इजाजत होगी। तीसरे चरण में 100 लोगों के साथ आयोजन हो सकेंगे। देश में कई जगहों पर लोग लॉकडाउन हटाने की मांग कर रहे थे। वहीं, शुक्रवार को अमेरिका ने चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि घटा दी। अब वे सिर्फ तीन महीने के लिए ही अमेरिकी वीजा ले सकेंगे।
अब तक विदेशी मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए कोई अवधि नहीं थी। हालांकि नए दिशा-निदेर्शों में चीन के पत्रकारों के तीन महीने से ज्यादा रुकने पर रोक लगा दी गई है। उधर, कुवैत ने संक्रमण रोकने के लिए शुक्रवार को देश भर में तीन हफ्ते के लिए कर्फ्यू लगा दिया। कर्फ्यू रविवार शाम 4 बजे से शुरू होगा और 30 मई तक लागू रहेगा।गाड़ियों के इस्तेमाल पर पाबंदी रहेगी।
हालांकि लोग शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे के बीच अपने घर के आसपास कसरत करने जा सकेंगे। कुवैत में अब तक 7 हजार 208 पॉजिटिव मिले और 47 मौतें हुई हैं। वहीं, फ्रांस में पिछले 24 घंटों में 243 संक्रमितों की मौत हो गई।
इसके साथ ही देश में अब मरने वालों की संख्या 26 हजार 200 हो गई है। स्वास्थ्य महानिदेशालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 16 हजार 497 संक्रमितों की मौत अस्पताल में जबकि 9733 लोगों की मौते दूसरे नर्सिंग संस्थानों में हुई है। सोमवार से यहां दुकानों और स्कूलों को खोलने की छूट दी जाएगी। उधर, ब्रिटेन ने विदेशों से आने वालों के लिए 14 दिन का क्वारैंटाइन जरूरी किया जाएगा।
सरकार ने सभी एयरलाइन्स को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। उन्हें देश की सीमा में आते ही अपना पता देना होगा। ब्रिटेन में अब तक 2 लाख 11 हजार 364 संक्रमित मिले हैं और 31 हजार 241 मौतें हुई हैं। वहीं, अर्जेंटीना ने देश में लॉकडाउन 24 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि, राजधानी ब्यूनर्स आयर्स समेत देश के कुछ स्थानों पर पाबंदियों में राहत दी जाएगी। देश के राष्ट्रपति एलबर्टो फर्नांनडेज ने इसकी घोषणा की। देश में लॉकडाउन की घोषणा 20 मार्च को की गई थी।





