वाशिंगटन। दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 46 लाख 58 हजार 485 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 71 लाख 16 हजार 141 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 36 हजार 303 की मौत हो चुकी है। फ्रांस में संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद राजधानी पेरिस और उसके आसपास के इलाकों में पब्लिक प्लेस पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। गुरुवार को देश में 6111 नए केस मिले थे, जिसके बाद सख्ती की गई है।
जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने देश में बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार को नए नियमों का ऐलान किया। उन्होंने कहा- देश में मास्क पहनने से जुड़ी पाबंदियां सख्ती से लागू कराई जाएंगी। 2021 तक बड़े पैमाने पर त्योहार मनाने, कंसर्ट करने या खेल के आयोजनों पर भी रोक रहेगी। देश में 24 घंटे में 1571 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ यहां संक्रमितों की संख्या 64 हजार के पार हो गई है। अब तक 1226 लोगों की जान गई है।
वहीं, फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्ते ने गुरुवार को देश के 16 नए इलाकों को रेड जोन घोषित कर दिया। इसके साथ ही देश में 21 रेड जोन हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में दोबारा संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। कुछ हफ्तों से देश में हर एक लाख लोगों पर 39 लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं। वहीं, पोलैंड सरकार ने 2 सितंबर से 46 देशों से आने वाली फ्लाइट्स को बैन करने का फैसला किया है। देश में अब तक 64 हजार 689 संक्रमित मिले हैं और 2010 मौतें हुई हैं।
वहीं, ब्रिटेन में बीते 24 घंटे में 1522 मामले सामने आए। यह 12 जून के बाद देश में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। बीते 24 घंटे में 12 लोगों की जान भी गई है। इसके साथ देश में संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख 30 हजार 368 हो गया है। यहां अब क 41 हजार 477 लोगों की जान गई है। उधर, ब्राजील में बीते 24 घंटे में 44 हजार 235 नए मामले सामने आए और 984 मौतें हुई। इसके साथ ही देश में संक्रमितों का आंकड़ा 37 लाख 64 हजार 393 हो गया है। अब तक देश में 1 लाख 18 हजार 649 मौतें हुई हैं।