लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कांग्रेस की प्रवासी श्रमिकों के लिए लगायी बसों को इज़ाज़त न देने और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में पूरे सूबे में 50 हज़ार से ज़्यादा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गुरुवार को सरकारी दमन के खिलाफ और श्रमिकों के समर्थन पर फेसबुक लाइव किया है। उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 30वीं शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष के प्रति अपनी एकजुटता जाहिर की।
कांग्रेस ने कहा कि पैदल चलते श्रमिकों, पैदल चलती गर्भवती स्त्रियों की पीड़ा को देखते हुए श्रमिकों को घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने 1000 बसों की व्यवस्था की। इन बसों से लगभग 92000 श्रमिक 3 दिन में अपने घर पहुंच जाते। बसें वापस लौट गईं। श्रमिक पैदल चलते रहे। भाजपा की राजनीति ने मानवता को कुचल दिया। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने इन बसों को रोक दिया। न केवल इन बसों को रोका गया बल्कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि जिस तरह से प्रियंका गांधी ने सेवाभाव से 1000 बसें देने का प्रस्ताव रखा और मुख्यमंत्री ने उसको स्वीकार किया, पर हमारी बसें वायदे के अनुसार हम सीमा पर खड़े रहे। 36 घंटे से ज्यादा समय तक बार्डर पर खड़ी बसों पर राजनीति होती रही और उन बसों को यूपी की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
कांग्रेस पार्टी गरीब, मजदूर, श्रमिक भाई, बहनों की लड़ाई लड़ती रही है। आज का फेसबुक लाइव जनान्दोलन है। हम लोकतांत्रिक तरीके से आन्दोलन चलायेंगे, हमें जनता पर विश्वास है, हम जनता के बीच जायेंगे, जनता यह निर्णय लेगी कि सही कौन है और गलत कौन है। कांग्रेस पार्टी गरीब जनता के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक और वीरेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने सड़क पर चलते हुए मजदूरों को हो रही पीड़ा पर चिन्ता व्यक्त करते हुए 1000 बसें लगाने का निर्णय लिया था। भीषण गर्मी में छोटे-छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और उम्र दराज वृद्ध, भूखे, प्यासे अपने गांव की तरफ हजारेां किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। उन्हें वाहन नहीं मिल रहे थे तो हमने मजदूरों की मदद करने का प्रयास किया। जबकि प्रदेश सरकार राजनैतिक साजिश करती रही हमारे प्रदेश अध्यक्ष बार्डर पर जाकर एक-एक बसें गिनवायीं प्रशासन को और गाजियाबाद तथा नोएडा से बस चलाने के लिए अनुमति मांगी।
मलिक और चौधरी ने कहा कि योगी सरकार की पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर लिया और फर्जी मुकदमें दर्ज कर दिये। उन्होंने कहा कि लल्लू ने जो मजदूरों के हितों के लिए आवाज उठायी है आज पूरे प्रदेश के कांग्रेसी उस आवाज को बुलन्द कर रहे हैं। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के साथ खड़ा है।
कांग्रेस का मकसद सेवा भाव था जब तक सड़क पर एक भी श्रमिक रहेगा, कांग्रेस उनकी मदद करती रहेगी।प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अनूप पटेल ने कहा कि कांग्रेस के 50 हजार कार्यकर्ताओं ने दमन के खिलाफ और श्रमिकों के समर्थन पर फेसबुक लाइव किया है। यह जनान्दोलन बढ़ता जाएगा।





