दादा-दादी व नाना-नानी का सम्मान
लखनऊ। क्रेयॉन किड्स इंदिरानगर, लखनऊ ने उर्दू अकादमी, गोमतीनगर में अपना 13वां वार्षिकोत्सव बडे उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के उपस्थित दादा-दादी एवं नाना-नानी द्वारा सम्पन्न किया गया। इसके पश्चात् राष्ट्रगान एवं गणेश वंदना की प्रस्तुति से समारोह की विधिवत शुरूआत हुई। 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने “सत्यम् शिवम् सुंदरम्” पर आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 2.5 से 3.5 वर्ष के बच्चों द्वारा अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी का सम्मान समारोह रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। इन कार्यक्रमों में सांहिश, सुमाया, मारवी, अनिका, रचित, सिया, रुद्र, मोहम्मद अली, रेगनार समेत 50 से अधिक बच्चों ने मंच पर अपनी बाल सुलभ प्रस्तुतियों से दादाझ्रदादी, नानाझ्रनानी, पापाझ्रमम्मी का दिल जीत लिया। समारोह में सुकन्या, मनीषा, माधुरी, दिव्या, अलका समेत कई विद्यार्थियों की माताओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य और विद्यालय के पूर्व छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता स्पष्ट रूप से झलकती रही। प्रधानाचार्य नमिता सिंह समेत विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





