दशरथ महल में श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम
लखनऊ । ऐशबाग रामलीला मैदान में चल रहे चैती महोत्सव में हो रही 12 दिवसीय श्रीकृष्ण लीला के मंच पर भगवान कृष्ण के पूर्वजन्म श्रीराम के अवतरण की लीला को दशार्या गया, रामनवमी के अवसर पर राजा दशरथ के महल में राम लला के जन्म का मंचन दर्शकों में उमंग ला देता है । उधर दशरथ महल में श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम मच जाती है ।
श्रीराम के जन्म की लीला से पूर्व श्रीकृष्ण का जामवंती और सत्यभामा से विवाह, नरकासुर वध के साथ ही श्रीकृष्ण के सुदामा से मिलन के दृश्यों को कलाकारों द्वारा बहुत ही सुंदर तरीके से प्रदर्शित किया गया । शुक्रवार को चैती महोत्सव के मंच का आरंभ आदि शक्ति नृत्य एकेडमी द्वारा किया गया जिसमे भक्तिगीत, स्वागतम् कृष्णा ,अच्युतम् केशवम् , मधुराष्टकम् , माखन चोरीह्व को लवली धिल्डियाल व साथी कलाकार मलखान सिंह, मौसमी, वर्षा, सौम्या, रूहानिका, आद्या व अग्रिमा के द्वारा नृत्य के माध्यम से मंच पर सजाया गया।
दूसरी प्रस्तुति संस्कृति विभाग उ०प्र० द्वारा प्रस्तुत की गई जिसे सोनिया उपाध्याय एवं साथी कलाकारों द्वारा मंच पर प्रस्तुत किया गया । ऐशबाग रामलीला समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द अग्रवाल ने बताया की शनिवार को श्रीकृष्ण लीता के मंच पर भगवान द्वारा शिशुपाल वध , द्रौपदी द्वारा दुर्योधन का अपमान , पांडवों का धूतक्रीड़ा मे जाना , और द्रौपदी चीरहरण की लीलाएं प्रमुख रूप से दिखाई जाएंगी ।





