पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में मतगणना के शुक्रवार को प्रारंभिक रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत के आंकड़े 122 को पार कर 193 से अधिक सीट पर बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शुरुआती रुझान में राजग 193 से अधिक विधानसभा सीट पर और ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन करीब 45 सीट पर आगे है। निर्णायक बढ़त के साथ ही एनडीए में जश्न शुरू हो गया है।
शुरुआती रुझान के अनुसार, ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार एवं राजद नेता तेजस्वी यादव राघोपुर सीट पर पीछे चल रहे हैं। मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार ओसामा शहाब रघुनाथपुर सीट पर 725 मतों से आगे हैं और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विकास कुमार सिंह पीछे हैं।
भाजपा उम्मीदवार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट पर 2,690 मतों से आगे हैं जबकि राजद के अरुण कुमार पीछे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय में आगे हैं। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बेटे और जेजेडी संस्थापक तेज प्रताप यादव महुआ सीट पर चौथे स्थान पर हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह इस सीट पर सबसे आगे हैं।

जमुई सीट पर भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के मोहम्मद शमसाद आलम से 2,539 मतों से आगे हैं। अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर आगे हैं। अधिकारियों के अनुसार, राज्य की 243 विधानसभा सीटों की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई, जिसमें आयोग के मानकों के अनुरूप सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। ईवीएम की गिनती सुबह 8.30 बजे से शुरू हुई। दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को सम्पन्न हुए बिहार चुनावों को राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है।
राघोपुर में तेजस्वी, छपरा में खेसारी लाल और महुआ में तेज प्रताप पीछे, अलीनगर में मैथिली ठाकुर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती चरणों में कई प्रमुख सीटों पर दिलचस्प रुझान सामने आ रहे हैं। सबसे दिलचस्प रुझान राघोपुर सीट से आ रहा है जहां राजद नेता और ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव राघोपुर सीट पर तीसरे दौर की मतगणना के अनुसार भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार से 1,273 मतों से पीछे बने हुए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। तेजस्वी के भाई और राजद से अलग होकर जनशक्ति जनता दल बनाने वाले तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के चौथे चरण में चौथे स्थान पर हैं। इस सीट पर भाजपा के संजय कुमार सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार मुकेश कुमार रौशन से 4,000 से अधिक मतों से पिछड़ रहे हैं। आयोग के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर विधानसभा सीट पर चौथे चरण की मतगणना में राजद प्रत्याशी बिनोद मिश्रा से 4,500 मत से आगे हैं। उधर, छपरा विधानसभा क्षेत्र में गायक से नेता बने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के खेसारी लाल यादव दूसरे दौर की गणना में भाजपा उम्मीदवार छोटी कुमारी से 1,600 से अधिक मतों से पिछड़ते दिखे। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है।
बिहार में वाम दल नौ विधानसभा सीट पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना में वाम दल नौ विधानसभा सीट पर आगे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी थी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) लिबरेशन सात सीट पर आगे है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) दो सीट पर आगे है। भाकपा (माले) लिबरेशन के उम्मीदवार दरौंदा, पालीगंज, आरा, डुमरांव, काराकाट, अरवल और घोसी सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरी ओर, माकपा हायाघाट और विभूतिपुर सीट पर आगे है। राज्य की 243 विधानसभा सीट में से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधान 190 से अधिक सीट पर आगे है, जबकि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन केवल 49 सीट पर आगे है। दोनों वामपंथी दल ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक हैं।
बिहार में एआईएमआईएम तीन सीट पर आगे
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी मतगणना में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) तीन सीट बढ़त पर बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। एआईएमआईएम के मोहम्मद सरवर आलम कोचाधामन में 11,156 मतों से, अमौर में अख्तरुल ईमान 14,262 मतों से और बायसी में गुलाम सरवर 5,756 मतों से आगे हैं। ये सभी सीट सीमांचल क्षेत्र में हैं, जहां मुस्लिम आबादी अच्छी-खासी है। निर्वाचन आयोग के दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजग 243 सीट में से 186 सीट पर आगे था जबकि महागठबंधन लगभग 46 सीट पर ही बढ़त बनाए हुए था। एआईएमआईएम ने किसी भी गठबंधन में शामिल हुए बिना, स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा। अभी कई दौर की मतगणना बाकी है इसलिए संख्या में बदलाव की संभावना है।
रुझानों में राजग को निर्णायक बढ़त के साथ ही जद(यू) मुख्यालय में जश्न की शुरुआत
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने निर्णायक बढ़त हासिल करने के साथ ही यहां जनता दल (यूनाईटेड) मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और ढोल बजाकर जश्न की शुरुआत कर दी। शुरुआती दौर में अपने-अपने मोबाइल फोन से चिपके पार्टी कार्यकर्ताओं को जैसे ही निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में राजग को निर्णायक बढ़त मिलते दिखी, वैसे ही पार्टी कार्यालय में उत्सव का माहौल बन गया।
निर्वाचन आयोग के दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजग 243 सीट में से 186 सीट पर आगे था जबकि महागठबंधन लगभग 46 सीट पर ही बढ़त बनाए हुए था। राजग को करीब दो तिहाई से भी बड़े बहुमत की ओर बढ़ते देख जद(यू) कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाने शुरु कर दिए और आतिशबाजी की। कुछ कार्यकर्ताओं ने हाथ में नीतीश कुमार का एक बड़ा पोस्टर ले रखा था तो कई सारे कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी का झंडा था। एक उत्साहित कार्यकर्ता ने कहा, नीतीश जी की पांचवी जीत तय है’… बस औपचारिकताएं बाकी हैं!
पार्टी कार्यालय के बाहर बनाए गए एक अस्थाई तिरपाल में पार्टी के कुछ बुजुर्ग कार्यकर्ता बैठे थे और वे भी ढोल-नगाड़ों की धुन पर डांस करते नजर आ रहे थे। नालंदा के एक बूथ कार्यकर्ता रमेश यादव ने कहा,2005 में आज तक… लोगों ने देखा है कौन सरकार चला रहा है और कौन सिर्फ हवा बनाता है, शोर मचाता है।” यादव ने दावा किया कि नीतीश की पहली जीत के बाद से जद(यू) की हर चुनावी जीत के उत्सव में वह शामिल हुए हैं। इस जश्न के दौरान कुछ युवाओं के एक समूह ने जद(यू) के चुनाव चिह्न हरे रंग के थर्मोकोल से बने ‘तीर’ के साथ मार्च किया और इसे दौरान उन्होंने ‘तीर चलेगा, बिहार आगे बढ़ेगा’ के नारे लगाए। पार्टी कार्याल्य में कुछ कार्यकर्ता जलेबी और लड्डू भी बांटते नजर आए।





