लखनऊ। लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में पुलिस ने बुधवार देर रात ‘ब्राउन गर्ल कैफे’ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। विकासखंड स्थित इस कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की सूचना पर जब पुलिस टीम ने छापा मारा, तो वहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 8 हुक्के, 23 फ्लेवर पैकेट, 12 पाइप और 15 चिलम समेत अन्य सामान जब्त किया है। हैरानी की बात यह है कि छापेमारी के दौरान कैफे का संचालक या कोई भी कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था, जिसके बाद पुलिस ने कैफे को ताला लगाकर सील कर दिया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया कि यह कैफे नियमों की धज्जियां उड़ाकर चलाया जा रहा था। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, कैफे के प्रवेश द्वार पर अनिवार्य चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, क्योंकि ठीक एक दिन पहले इसी कैफे में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ भी हुआ था। करीब एक साल से चल रहे इस कैफे में देर रात तक युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता था, जहां हुक्के की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
सूत्रों के मुताबिक, इस कैफे का इस्तेमाल कम उम्र की लड़कियों को गुमराह करने के लिए भी किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि कैफे में आने वाली एक युवती दूसरे शहरों से आई भोली-भाली लड़कियों को ऊंचे सपने दिखाकर अपने जाल में फंसाती थी। धीरे-धीरे इन लड़कियों को महंगे शौक का आदी बना दिया जाता था, ताकि उन्हें गलत कामों में धकेला जा सके। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और कैफे संचालक की तलाश तेज कर दी गई है।





