देशभक्ति से ओत-प्रोत जादू और कठपुतली की प्रस्तुतियां होंगी
लखनऊ। वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ.दरबारी लाल अस्थाना का जन्मोत्सव, बुधवार 24 जुलाई 2024 को ह्लप्राथमिक विद्यालय नरही, जोन तीन नगर क्षेत्र लखनऊह्व में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जा रहा है। डॉ.दरबारी लाल अस्थाना ट्रस्ट की ओर आयोजित इस समारोह में जादूगर सुरेश के दल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति से ओत-प्रोत जादू और कठपुतली की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है।
डॉ.दरबारी लाल अस्थाना के पुत्र और भारतेन्दु नाट्य अकादमी के पूर्व निदेशक पुनीत अस्थाना के अनुसार सुप्रसिद्ध स्वतन्त्रता सेनानी डॉ.दरबारी लाल अस्थाना का राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश अंग्रेजी हुकूमत के दौरान राजकीय कॉलेज आगरा के बहिष्कार के साथ शुरू हुआ था। वृन्दावन स्थित सुप्रसिद्ध प्रेम महाविद्यालय में उन्होंने ग्रामोत्थान का कार्य किया और ब्रज के अनेक गांवों का दौरा कर आम लोगों में आजादी और राष्ट्रीयता की भावना जगायी थी। डॉ.दरबारी लाल अस्थाना को ग्रामीण अर्थशास्त्र और पुनर्निर्माण कार्य का विशेष अध्ययन करने के लिये गुरु रविन्द्र नाथ टैगोर के विश्वविख्यात शान्ति निकेतन भी भेजा गया था जहां गुरुदेव ने उन्हें एक कलम भी आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया था। युसुफ मेहर अली द्वारा संचालित अखिल भारतीय युवक आन्दोलन में भी डॉ.दरबारी लाल अस्थाना सक्रिय रहे थे। सिंधियों के महान आध्यात्मिक गुरु श्रीयुत टी.एल.वासवानी के भारतीय सांस्कृतिक पुनरुत्थान आन्दोलन में भी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना ने अहम भूमिका अदा की थी। उसकी शाखाओं की स्थापना के लिये डॉ.दरबारी लाल अस्थाना ने देशभर का दौरा भी किया था। महात्मा गांधी के सत्याग्रह आन्दोलन में डॉ.दरबारी लाल अस्थाना काफी सक्रिय रहे थे।