– दीक्षांत समारोह में सीएम योगी ने छात्रों को एक घंटे से अधिक किया सम्बोधित
– सीएम ने छात्रों से कहा, समस्याओं पर नहीं, समाधान पर दें ध्यान
– दीक्षांत समारोह में 5746 छात्र-छात्राओं को प्रदान की गयी उपाधि
– भव्य दीक्षांत समारोह में हजारों लोग हुए शामिल
लखनऊ। बीबीडी यूनिवर्सिटी में सोमवार को दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ है। इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। साथ में बतौर विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बीबीडीयू की चांसलर श्रीमती अलका दास गुप्ता और प्रो चांसलर विराज सागर दास, बीबीडी एजुकेशनल ग्रुप की वाइस प्रेसिडेंट सोनाक्षी दास और वाइस प्रेसिडेंट देवांशी दास, विधायक अदिति सिंह और विधायक योगेश शुक्ला भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को पदक और डिग्रियां प्रदान की। साथ ही विश्वविद्यालय में शिक्षक की भूमिका में मुख्यमंत्री योगी ने छात्रों को एक घंटे से अधिक दीक्षांत भाषण दिया। सीएम योगी ने बीबीडी विश्वविद्यालय के एकेडमिक एक्टिविटीज के साथ खेल की गतिविधियों को लेकर तारीफ करते हुए कहा कि बीबीडी यूनिवर्सिटी युवाओं के सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभा रही है। दीक्षांत समारोह में कुल 5746 उपाधियां प्रदान की गयीं। इस अवसर पर 89 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और दो विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुलाधिपति पदक प्रदान किया गया। ये छात्र- छात्राएं विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों जैसे विधि, इंजीनियरिंग आदि से सम्बंधित थे। इस भव्य दीक्षांत समारोह में हजारों लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर पदक और डिग्री पाने वाले मेधावियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिस महान विभूति के नाम से विश्वविद्यालय स्थापित हुआ है, ऐसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारस दास की स्मृति को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। विश्वविद्यालय के रचनाकार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास गुप्ता को भी नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि उप्र के मुख्यमंत्री के रूप में हम जिन भी वर्तमान कार्ययोजनाओं को बढ़ाने में सफल होते हैं, उनमें कहीं न कहीं भाव इन्हीं विभूतियों के छिपे होते हैं। जो उन्होंने उस समय यूपी के बारे में सोचा था, हमें उत्तर प्रदेश में उन्हें मूर्त रूप प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। कृतज्ञता का भाव सदैव मन में होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि बाबू बनारसी दास के संघर्षों, आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में उनके योगदान और स्वतंत्र भारत में उत्तर प्रदेश कैसा बनना चाहिए, इस पर उनके प्रयास की भी चर्चा की।

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने लंबी छलांग लगाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलो इंडिया खेलो के माध्यम से 2014 में एक अभियान चलाया। फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेलकूद प्रतिस्पर्धा के माध्यम से खेलकूद के प्रति भाव पैदा करने की नई प्रेरणा प्रदान की। आज खेल दिनचर्या का हिस्सा बनता जा रहा है। किसी एकेडमिक संस्था में खेल भी महत्वपूर्ण हिस्सा हो और उसके पास भव्य स्टेडियम, बैडमिंटन एकेडमी हो, यह बीबीडी की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह औपचारिकता मात्र नहीं है बल्कि इंडियाज ट्रांसफार्मिंग जेनरेशन का एक उदाहरण भी है और इसके लिए जो छात्र-छात्राएं यहां से अपनी उपाधि प्राप्त करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सबसे युवा राष्ट्र है। यहां 56 फीसदी आबादी कामकाजी है। उनके सपनों को उड़ान देने के लिए संस्थानों को तैयार होना है। लखनऊ में बीबीडी यूनिवर्सिटी में भी स्केल व स्किल का बेहतरीन समन्वय दिखता है। हमें उस दिशा में आगे कार्य करना होगा। सीएम ने हर क्षेत्र में एआई की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि यह आज की आवश्यकता है, लेकिन वह आपके द्वारा संचालित हो, आप उसके द्वारा न संचालित हों। रोबोटिक में भारत ने लंबी छलांग लगाई है। टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कार्य हो रहा। इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट को भी इस दिशा में नए प्रयास को आगे बढ़ाना होगा। युवाओं, किसानों, श्रमिकों समेत अलग-अलग सेक्टर से जुड़े लोगों की उपयोगिता पर बल दिया।
उन्होंने युवाओं को हमेशा प्रयास करते रहने की सीख दी। कहा कि प्रयास करने से सब कुछ हो सकता है। जीवन में सफलता के दो ही मार्ग हैं। समाधान की तरफ जाएंगे तो सफलता प्राप्त होगी। समस्या को बार-बार गिनाते रहेंगे तो सफल नहीं हो सकते। समस्या की बजाय समाधान पर ध्यान दीजिए। सभी लोग मिलकर जब सामूहिक रूप से प्रयास करेंगे तो समाधान मिलेगा। जीवन में सदा नया सीखने का अवसर प्राप्त होता है। अलग-अलग सेक्टरों में हमें नए अवसरों को ढूंढने का प्रयास करना चाहिए। कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं है, बल्कि योग्य योजक चाहिए। संस्थान, बॉस, आचार्य, अभिभावक और व्यक्ति भावी पीढ़ी के लिए योजक बन सकते हैं। जीवन में धैर्य, संतुलन खोए बिना अडिग होकर आगे बढ़ेंगे तो सफलता कदम चूमेगी। सीएम योगी ने भारत की प्राचीन गुरुकुल प्रणाली के समावर्तन समारोह और उसके परिवर्तित रूप दीक्षांत समारोह की भी व्याख्या की। उन्होंने कहा कि हम जो करते थे, दुनिया उसका अनुसरण करती थी। जब हमने दुनिया का अनुसरण शुरू किया तो हमारी ताकत भी कम होती गई।
*10 कदम आगे की सोच लेकर चलेंगे, तब दुनिया अनुगमन करेगी*
सीएम योगी ने कहा कि यह केवल रूटीन की डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान नहीं है। इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के नए हब के रूप में बीबीडी को स्थापित करने के लिए नया प्रयास प्रारंभ हुआ है। दुनिया तकनीक को तेजी से अपना रही है। दुनिया जहां जा रही है, हम उससे 10 कदम आगे की सोच लेकर चलेंगे, तब दुनिया हमारा अनुगमन करने को मजबूर होगी। 11 वर्ष में भारत की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए सीएम ने कहाकि इसे देख दुनिया भी उसके पीछे चलने के लिए खुद को मजबूर करती है। सीएम योगी ने 2014 के पहले व बाद में देश के प्रति आई धारणा का जिक्र किया। बोले कि लोगों की हताशा व निराशा को आशा व उत्साह में भरने का कार्य 2014 के बाद देखने को मिला।
*मोदी जी ने स्केल को स्किल में बदलने का कार्य किया*
सीएम योगी ने कहा कि भारत ने हर क्षेत्र में नई छलांग लगाई है। छोटे-छोटे प्रयोग कर भारत ने बताया कि इसके परिणाम क्या हो सकते हैं। मोदी जी ने कहा कि हर गरीब का बैंक अकाउंट होना चाहिए तो नकारात्मक लोग नकारात्मक स्वर बोलने लगे। जिन्हें कुछ नहीं करना होता है, वे सकारात्मक कदम का विरोध करते हैं। कोई चिंता किए बिना मोदी जी ने जीरो बैलेंस पर गरीबों के बैंक अकाउंट खुलवाए, जिससे डीबीटी के माध्यम से बिना किसी कट के शासन की योजनाओं की राशि सीधे गरीबों के खाते में जा रही है। इससे देश में 50 करोड़ परिवार जुड़ता दिखाई दे रहा है। यह भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार है। सब कुछ डिजिटल पेमेंट के साथ जुड़ गया है। कभी राजीव गांधी ने कहा था कि हम एक रुपये भेजते हैं, गरीब के पास 15 पैसे जाते हैं पर आज डिजिटल इंडिया मिशन है। जब दुनिया की सुपर पावर भी कोरोना के साए में थी, तब भारत कोविड प्रबंधन के साथ ही 2020 में नेशनल एजुकेशन पॉलिसी को लांच कर रहा था। सीएम ने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि युवा की आकांक्षाओं को पंख लगाने की दृष्टि से मोदी जी ने स्केल को स्किल में बदलने का कार्य किया।
*जनसहभागिता के बिना कोई भी स्कीम सफल नहीं होती*
सीएम योगी ने कहा कि लोग कहते थे कि यूपी नहीं सुधर सकता। भारत सरकार के आंकड़ों में यूपी बॉटम-5 में रहता था। 2017 में जब सत्ता मिली तो सोचा कि यूपी टॉप-थ्री में क्यों नहीं आ सकता। हमने मंत्रियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि कोई भी स्कीम तब तक सफल नहीं होगी, जब तक जनसहभागिता नहीं होगी। आप आमजन से संवाद कीजिए। परिणाम स्वरूप यूपी आज भारत सरकार की हर स्किम में टॉप- थ्री में है।
*कानून का पालन करना ही होगा*
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जब हमारी सरकार बनी तो चैलेंज था। पहले के निवेश भी पलायन कर रहे थे। भारत सरकार की मीटिंग में यूपी की गिनती कहीं नहीं होती थी, लेकिन पीएम मोदी के मंत्र सबका साथ-सबका विकास और अपराध-अपराधियों, भ्रष्टाचार-भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार ने कार्य किया। आज अन्य प्रदेश भी यूपी के कानून व्यवस्था को मॉडल के रूप में देखते हैं। सीएम योगी ने कहा कि कानून शब्द लगता भले ही बुरा है, लेकिन जब व्यक्ति अंत:करण से स्वीकार करता है तो उसका फल ऐसे ही होता है जैसे दवा कड़वी लगती है, लेकिन उसके परिणाम सुखद होते हैं। कानून का पालन करते हुए सभी को जीवन का हिस्सा बनाना ही होगा। कानून व्यवस्था पर कार्य हुआ तो यूपी में निवेश की झड़ी लग गई। जिस प्रदेश में पांच वर्ष में 50 हजार करोड़ का भी निवेश नहीं आ पाता था, वहां 8 वर्ष में 45 लाख करोड़ से अधिक से निवेश प्रस्ताव लाने में सफलता प्राप्त की।
*हमने ली सुरक्षा की गारंटी*
सीएम योगी ने कहा कि 1950 में भारत की अर्थव्यवस्था में यूपी का शेयर 14 फीसदी थी। 2017 में भारत की अर्थव्यवस्था में यूपी का योगदान 8 फीसदी से कम रह गया था। हम सत्ता में आए तो कहा कि जब व्यक्ति सुरक्षित नहीं तो पूंजी कैसे सुरक्षित रहेगी। हर किसी को सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए और हमने यह गारंटी ली। हमने मात्र दो वर्ष में यूपी को नंबर-2 पर पहुंचाया। आज यूपी की गिनती टॉप अचीवर स्टेट के रूप में होती है। अखिलेश दास जी ने अपनी क्षमता से 100 एकड़ में विश्वविद्यालय बनाया, लेकिन आज प्राइवेट निवेशक के लिए यह असंभव है। उस समय सरकार के चहेतों के लिए 10 एकड़ में भी विश्वविद्यालय की अनुमति दी गई। हमने 33 सेक्टोरियल पॉलिसी बनाई और कहा कि सरकार की पॉलिसी समान होनी चाहिए। लैंडबैंक हमारा, आप पॉलिसी देखकर निवेश कीजिए, सरकार सुरक्षा व गारंटी देगी।
*दुनिया ने आॅपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत के पराक्रम को देखा*
सीएम योगी ने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया ने भारत के पराक्रम को देखा। यूपी भी देश की सेना रक्षाओं के साथ रहा। ब्रह्मोस मिसाइल यूपी के लखनऊ में बनी है। मैंने लखनऊ में इसके लिए फ्री में लैंड दी। हर वर्ष पूरी कैपेसिटी से ब्रह्मोस मिसाइल का नोड कार्य करना प्रारंभ करेगा तो यूपी को प्रतिवर्ष 300 से 500 करोड़ का जीएसटी प्राप्त होगा। 2020 में हमने लैंड का आॅफर किया, 2022 में उपलब्ध कराई तो विकसित लैंड के बाद इसकी कीमत मात्र 200 करोड़ थी। उसके बदले आज राज्य को कई गुना पैसा मिल रहा है। आॅपरेशन सिंदूर के दौरान यूपी में यहां के नौजवानों द्वारा बनाए गए ड्रोन ने पाकिस्तान के होश उड़ा दिए थे।
*जीवन में धैर्य, संतुलन खोए बिना अडिग होकर आगे बढ़ेंगे तो सफलता कदम चूमेगी*
सीएम योगी ने कहा कि यूपी ने आज खुद को एआई, डाटा सेंटर, इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (रोबोटिक ड्रोन टेक्नोलॉजी) के रूप में स्थापित किया है। सीएम ने विश्वविद्यालय से अपील की कि इमर्जिंग टेक्नोलॉजी को पार्ट बनाएं। शार्ट टर्म, सर्टिफिकेट कोर्स, डिप्लोमा कोर्स प्रारंभ करें, ड्रोन-रोबोटिक, आईओटी, एआई में कार्य प्रारंभ करें और अलग-अलग सेक्टर में इसकी उपयोगिता पर जोर दें। टेक्नोलाजी जॉब कट नहीं करता, वह नए अवसर देता है। यह हम पर निर्भर करता है कि हम उसे कैसे भुनाते हैं। 1990 के प्रारंभ में कंप्यूटर का चलन प्रारंभ हुआ तो कई संस्थानों ने कहा कि रोजगार पर प्रहार होगा, लेकिन इससे रोजगार के अवसर बढ़े।
*सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को दिया मेडल व डिग्री*
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान मेधावियों को मेडल व डिग्री प्रदान किया। सीएम ने मुस्कान साहू को चांसलर गोल्ड मेडल प्रदान किया जबकि पेशवानी शर्मा, सुमि गौर, जीविदा शुक्ला, स्मारिका सक्सेना, इंशा इमरान, मधुलिका, ऋषिता अस्थाना, नैना सिंह, विभव दुबे, पल्लवी राय, नीरज कुमार कुशवाहा, वर्तिका गुप्ता, वैष्णवी यादव, शुभम शुक्ला, वैष्णवी श्रीवास्तव, सारा मेहंदी को गोल्ड मेडल दिया। वहीं डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित होने वालों में मयंक जयपुरिया, अमृता यादव, मंजू भारद्वाज, श्वेता सिंह, ऊषा अरुणिमा, आलोक शरण, समीक्षा गुप्ता, ओजस्विनी पाल, शैलजा पांडेय, नेहा शर्मा, आफरीन हसन, फरहीन आजाद, सारा जैदी, अनुकृति मिश्रा शामिल रहीं।
*विकास को गति दे रही बीबीडी यूनिवर्सिटी : स्वतंत्रदेव सिंह*
बतौर विशिष्ट अतिथि जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने अपने विश्वविद्यालय की चांसलर श्रीमती अलका दास गुप्ता और प्रो चांसलर विराज सागर दास को इंगित करते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाज सुधारक व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू बनारसी दास और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ने जिस मानव कल्याण, शिक्षित समाज और सशक्त भारत का सपना देखा था, आज आप सब मिलकर उसे आगे बढ़ा रहे है। देश और समाज के लिए कई महान विभूतियों ने अपने जीवन का त्याग करते हुए देश की आजादी और विकास में योगदान दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विषय में जानकारी देते हुए उनका अनुसरण करने की शिक्षा दी ताकि समाज हित में कार्य करते हुए विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आठ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी लेकिन कहीं भी किसी प्रकार जाति, समुदाय आदि देखकर नहीं बल्कि योग्यता की वरियता के आधार पर नौकरी दी गयी।
*योगी जी के मार्गदर्शन में विकसित हो रहा यूपी : विराज सागर दास*

बीबीडी यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर विराज सागर दास ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि छात्रों का मार्ग दर्शन हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हो रहा है। आज का भारत युवाओं का भारत है और आप युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। युवा शक्ति ही राष्ट्र की गति, तरक्की और दिशा तय करती है। सीएम के नेतृत्व में यूपी में युवाओं के लिए समग्र विकास और उत्थान के लिए हर क्षेत्र में काम हो रहा है। पिछले नौ वर्षों में युवाओं के कौशल, रोजगार और उद्यमशीलता की अनेक योजनाएं शुरू की गर्इं हैं। इन्हीं में से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत विद्यार्थियों को लगभग 50 लाख स्मार्ट फोन और टेबलेट का वितरण किया गया। हमें खुशी है कि इस योजना का लाभ बीबीडी यूनिवर्सिटी के छात्रों को भी मिला। यह योजना डिजिटल इम्पावरमेंट का सुनहरा प्रतीक है। साथ ही में यूपी कौशल विकास मिशन का विशेष उल्लेख करना चाहूंगा। इसके तहत दो लाख से अधिक युवाओं को एमएसएमई उद्योगों में रोजगार मिला है। इन प्रयासों से उत्तर प्रदेश का युवा केवल शिक्षित ही नहीं बल्कि इंडस्ट्री और इंटरप्रन्योर है। मुझे यह बताते हुए गर्व है कि योगी जी के नेतृत्च में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उभर कर ग्रोथ इंजन के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का एक अहम स्तंभ बन चुका है। चाहे वह सुरक्षा हो या फिर 24 घंटे बिजली। ईज आॅफ डूइंग बिजनेस और इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से विकास, निवेश और सुशासन के लिए जाना जाता है। उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। चाहे वह जीसीसी, जीका फैक्ट्री व मेगा फूड प्रोसेसिंग प्लांट हों। नौकरियों से अपने घर से ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है। हमारा प्रदेश एक ग्लोबल इंडस्ट्रियन और इकोनॉमिकल सेंटर बन चुका है। मुझे खुशी है कि आज हमारे छात्रों का जीवन जब इस नए चरण की शुरुआत कर रहा है तो उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद मिल रहा है जो अपने आप में आध्यात्मिक, राजनैतिक एवं प्रशासनिक गुरुओं में सबसे प्रिय हैं। उन्होंने इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिली है, आपने बतौर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी को प्रदेश स्तर पर मजबूत किया है। साथ ही आपके मार्गदर्शन में जल शक्ति मंत्रालय में भी नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। लगातार उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरुस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। आपसे बीबीडी के छात्रों को प्रेरणा और प्रोत्साहन मिलेगा। बीबीडी में होलस्टिक डेवलपमेंट पर काम करते हैं। जो युवाओं को एजुकेशन टू इम्प्लॉयमेंट और लर्नर टू लीडर की दिशा में अग्रसर किया जाता है। हमारे विश्वविद्यालय में एडवांस कॉरिकलम के साथ-साथ इंडस्ट्री इनोवेशन और रिसर्च पर ध्यान दिया जाता है। पिछले कुछ सालों में हमने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं के साथ टाइअप किया है। इसी साल हमने लखनऊ में अखिलेश दास गुप्ता स्कूल की स्थापना की है। आज बीबीडी शैक्षिक संस्थानों के लखनऊ और दिल्ली कैम्पस में लगभग 30 हजार बच्चे पढ़ रहे हैं और डेढ़ लाख से अधिक पूर्व छात्र विश्व में बीबीडी और देश का नाम रौशन कर रहे हैं। आज का यह दिन सिर्फ समारोह नहीं है बल्कि उपलब्धि है। एक ऐसा मुकाम है जिसे आपने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प और सपनों पर अटूट विश्वास के बल पर हासिल किया है। यह नई शुरुआत है, जैसा मेरे पिता जी डॉ. अखिलेश दास गुप्ता कहते थे कि आप सब बीबीडी का एक अहम हिस्सा हैं, आप सबके लिए हमेशा बीबीडी के दरवाजे खुले रहेंगे।





