नयी दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण में समाज की सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘पर्पल फेस्ट’ को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि किसी भी देश या समाज की पहचान केवल उसके विशेषाधिकार प्राप्त वर्गों के लिए हासिल की गई कामयाबियों से नहीं, बल्कि हाशिए पर रहने वाले लोगों के प्रति उसकी संवेदनशीलता से होती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि समावेशी समाज के निर्माण के लिए दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि हालांकि, यह केवल सरकार की कोशिशों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति और संस्था की सक्रिय भागीदारी जरुरी है।
मुर्मू ने कहा कि दिव्यांगजन अपनी पूरी क्षमता से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। दिव्यांगों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने शिक्षा, खेल, विज्ञान, कला, साहित्य और सार्वजनिक जीवन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।





