- 374 आरक्षी नियुक्ति पत्र के लिए लखनऊ रवाना |
- गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देंगे नियुक्ति पत्र |
- गर्मी में पानी और किट की व्यवस्था की गई |
मीरजापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने शनिवार दोपहर दो बजे पुलिस लाइन से पुलिस भर्ती में जनपद से पास हुए 374 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र लेने के लिए लखनऊ रवाना किया। रोडवेज की आठ बसों से भेजे गए नवनियुक्त आरक्षियों को लखनऊ में रविवार की सुबह दस बजे गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र वितरण करेंगे। एसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर सीधी भर्ती-2023 की हुई है। इसमें जनपद मीरजापुर से चयनित 387 अभ्यर्थियों को लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए ब्रीफ किया गया है।
इसमें 374 अभ्यर्थी ही लखनऊ जाने के लिए यहां पहुंचे हैं। इसमें 48 महिला अभ्यर्थी जबकि 326 पुरुष है। 12 अभ्यर्थी किसी कारणवश नहीं आ सके। जिनको बाद में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए आवश्यक वस्तुओं जैसे पानी की बोतल, ग्लूकोन-डी आदि एवं प्रत्येक बस में फर्स्ट एड किट के साथ रवाना किया गया। उनके साथ क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर गए हुए हैं।