- लखनऊ में 235 की रिपोर्ट पॉजिटिव, सात ने तोडा दम
- रिकवरी प्रतिशत बढ़ कर हुआ 95.39 फीसद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर थोड़ा इज़ाफ़ा हुआ। गुरुवार को प्रदेश में संक्रमण के 1,539 नये मामले सामने आये हैं, जबकि 18 और की मौत हो गयी है। राजधानी लखनऊ में भी 235 पॉजिटिव मिले हैं और सात ने दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड का रिकवरी प्रतिशत अब बढ़ कर 95.39 हो गया है।
प्रदेश में गुरुवार को लखनऊ के साथ-साथ प्रयागराज और ग़ाज़ियाबाद में 100 से ज़्यादा केस रिपोर्ट हुए हैं। जहां प्रयागराज में 134 केस मिले हैं, वहीँ ग़ाज़ियाबाद में 113 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसके बाद प्रदेश में अब तक कुल 5,70,898 कोरोना पीड़ित मिल चुके हैं। प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ कर 8,136 हो गया है। लखनऊ को छोड़ कर मरने वालों में वाराणसी के 2, प्रयागराज, मेरठ, मुरादाबाद, मथुरा, बुलंदशहर, आजमगढ़, प्रतापगढ़, ग़ाज़ीपुर और बिजनौर के एक 1-1 मरीज़ शामिल हैं।
इसी बीच, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 18,150 कोरोना के एक्टिव मामले में से 7,945 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 3,30,778 लोग होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं और 3,22,833 लोगों ने अपनी होम आइसोलेशन की अवधि पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि प्राइवेट अस्पतालों में 1,802 लोग ईलाज करा रहे हैं, इसके अलावा बाकी के मरीज़ एल-1, एल-2 और एल-3 के सरकारी अस्पतालों में अपना ईलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 5,44,503 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में बुधवार को एक दिन में कुल 1,54,542 सैंपल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,19,99,031 सैंपलों की जांच की गयी है। सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,74,724 क्षेत्रों में 4,88,311 टीम दिवस के माध्यम से 3,04,84,645 घरों के 14,85,69,032 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।
उन्होंने बताया कि इलाज उपचार के लिए ई-संजीवनी पोर्टल शुरू किया गया है। ई-संजीवनी के माध्यम से बुधवार को एक दिन में 4184 लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श लिया। अब तक कुल 2,80,554 लोगों ने ई-संजीवनी पोर्टल पर चिकित्सकीय परामर्श लिया।